ऋषिकेश में विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 1239 मरीजों की हुई जांच

ऋषिकेश। 12 अप्रैल 2026
ब्रह्मलीन महंत अशोक प्रपनाचार्य शर्मा की स्मृति में श्री भारत मंदिर झंडा चौक परिसर में भव्य नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सुबोध उनियाल, मीनू सिंह एवं महंत वत्सल प्रपनाचार्य ने संयुक्त रूप से किया।
शिविर में 30 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने दूर-दराज क्षेत्रों से आए 1239 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और नि:शुल्क दवाइयां वितरित कीं। इस दौरान रक्त जांच, बीपी, शुगर, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे सहित विभिन्न जांचें भी कराई गईं।
विभिन्न विशेषज्ञों द्वारा सैकड़ों मरीजों का परीक्षण किया गया, जिसमें हृदय, फेफड़े, बाल रोग, नेत्र, ईएनटी, कैंसर, न्यूरो, हड्डी, स्त्री रोग, किडनी, जनरल फिजिशियन, छाती रोग, सर्जरी और दंत रोग से संबंधित जांच शामिल रहीं।
मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद लाभकारी हैं, जहां वे आसानी से विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच व परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर जयराम आश्रम के परमाध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, मेयर शंभू पासवान, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

