News

ऋषिकेश में संघ के शताब्दी वर्ष पर विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित

ऋषिकेश में संघ के शताब्दी वर्ष पर विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित
ऋषिकेश। सर्वहारा नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सहभागिता की।

अपने संबोधन में डॉ. अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ स्थापना काल से ही राष्ट्र सेवा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता, जागरूकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में जिला शारीरिक प्रमुख लक्सर राजकुमार ने संघ के संगठनात्मक कार्यों पर प्रकाश डाला। वहीं शिशु मंदिर आवास विकास की प्रधानाचार्य पूनम ने समाज में संस्कार एवं राष्ट्रभावना के महत्व को रेखांकित किया।

इस अवसर पर आयोजक आशुतोष, प्रशांत, राजकुमार कश्यप, विकास तेवतिया, सह जिला कारवाह राकेश शर्मा, विभाग संघचालक अनिल मित्तल, नगर कारवाह श्याम बिहारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।