News

नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ऋषिकेश ने चलाया अभियान

ऋषिकेश। नगर क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ऋषिकेश ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को व्यापक अभियान चलाया। निगम की अतिक्रमण टीम ने तिलक रोड, हरिद्वार रोड, वीरभद्र रोड, एम्स रोड और शिवाजी नगर क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की।
अभियान के दौरान टीम ने 2 फूड वैन, 2 फूड कार्ट, 1 काउंटर तथा 4 ठेली सहित अन्य अस्थायी अतिक्रमण सामग्री को जब्त किया। कार्रवाई के तहत जब्त की गई दोनों फूड वैन को नगर निगम परिसर लाया गया, जहां नगर आयुक्त के निर्देश पर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की टीम को बुलाया गया। इसके बाद दोनों फूड वैन को आरटीओ कार्यालय भिजवाकर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अतिक्रमण अभियान को प्रतिदिन चलाया जाए और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही अतिक्रमणकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई कि भविष्य में पुनः अतिक्रमण पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अभियान के दौरान निगम टीम में सफाई निरीक्षक संतोष गोसाई, अभिषेक मल्होत्रा, सफाई नायक राहुल, शुभम, नीरज सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।