ऋषिकेश : साईं घाट पर गंगा में डूबने से युवक की मौत

SDRF की डीप डाइविंग टीम ने चलाया सर्च अभियान, शव बरामद
ऋषिकेश। 16 May 2026
ऋषिकेश के साईं घाट पर गंगा नदी में स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की ढालवाला पोस्ट से पहुंची डीप डाइविंग टीम ने सर्च अभियान चलाकर युवक का शव बरामद किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 5:30 बजे कोतवाली ऋषिकेश से SDRF को सूचना मिली कि साईं घाट के पास गंगा नदी में नहाते समय एक युवक डूब गया है। बताया गया कि युवक हरियाणा के पलवल से यात्रियों को लेकर ऋषिकेश आई एक बस में कंडक्टर के रूप में कार्यरत था। बस चालक और कंडक्टर दोनों गंगा में स्नान करने गए थे, तभी युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में बहकर डूब गया।
सूचना मिलते ही SDRF ढालवाला की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची। डीप डाइवर अनूप सिंह एवं ओम प्रकाश ने 15 से 20 फीट गहराई तक उतरकर सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी खोजबीन के बाद टीम ने युवक का शव बरामद कर स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मृतक की पहचान सोनू वर्मा पुत्र हरि चरण वर्मा निवासी लाडो सराय, मालवीय नगर, नई दिल्ली के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई गई है।
सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में एएसआई विजेंद्र कुड़ियाल, अर्जुन सिंह, ओम प्रकाश, किशोर कुमार, अनूप सिंह, रविंद्र सिंह एवं प्रदीप रावत शामिल रहे।
