NewsPostउत्तराखंडटॉप स्टोरीजताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादूनप्रमुख कार्यक्रमरुड़कीहरिद्वार

कुंभ मेला–2027 की तैयारियों का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण


हरिद्वार। 2 अप्रैल 2026

कुंभ मेला–2027 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माणाधीन और प्रस्तावित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने अपर गंगा नहर के बाएं तट पर स्थित शहीद भगत सिंह घाट (कामधेनु घाट) से सिंहद्वार तक निर्माणाधीन घाटों और बैरागी कैम्प घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि घाटों का निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया जाए। साथ ही बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए रैम्प, चेंजिंग रूम और प्रसाधन की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुंभ के लिए ‘ग्रीन घाट’ विकसित करने पर भी जोर दिया।
इसके बाद उन्होंने ज्वालापुर–ईदगाह–पीएसी–शिवालिक नगर मार्ग पर पथरी रौ नदी के ऊपर बन रहे 60 मीटर लंबे पुल का निरीक्षण किया। बहादराबाद–सिडकुल मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्यों की भी समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि यह मार्ग कुंभ के दौरान यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए इसे जल्द पूरा किया जाए।
मुख्य सचिव ने धनौरी–सिडकुल लिंक मार्ग पर बन रहे पुल और हरिद्वार बाईपास रिंग रोड परियोजना का भी निरीक्षण किया। साथ ही दिल्ली राजमार्ग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बैरागी कैम्प में 1500 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक के निर्माण कार्य की भी जानकारी ली और कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।