Newsउत्तराखंडताज़ा ख़बरेंरुड़कीहरिद्वार

कुंभ 2027 की तैयारियां तेज: मेलाधिकारी सोनिका ने कनखल क्षेत्र का पैदल निरीक्षण किया

4 अप्रैल 2026
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत मेला प्रशासन ने धर्मनगरी हरिद्वार के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले कनखल क्षेत्र को संवारने की पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती के साथ शनिवार को कनखल क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं और चुनौतियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी ने बिना किसी लाव-लश्कर के आम नागरिकों की तरह संकरी गलियों में पैदल चलकर क्षेत्र के प्राचीन भवनों, छतरी वाले कुओं और धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रीयंत्र मंदिर, सतीघाट, कनखल बाजार, झंडा चौक और पहाड़ी बाजार सहित विभिन्न स्थानों पर जाकर स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और आम लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कनखल के प्राचीन भवन और कुएं इस क्षेत्र की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण बेहद जरूरी है। कुंभ मेला मद से इनका जीर्णोद्धार और संरक्षण किया जाएगा। साथ ही कनखल की संकरी गलियों और सड़कों में आवश्यक सुधार कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि कुंभ मेला-2027 को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन, आपातकालीन सेवाओं की सुदृढ़ व्यवस्था और आधारभूत ढांचे के सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे न केवल श्रद्धालुओं बल्कि स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा।
मेलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय नागरिकों और व्यवसायियों से मिली फीडबैक मेले की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगी। कुंभ मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि शहर की संरचना और व्यवस्थाओं की भी बड़ी परीक्षा होता है, इसलिए योजनाओं को जमीनी परिस्थितियों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।