NewsPostउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादूनराष्ट्रीय

चारधाम यात्रा होगी और सुरक्षित व हाई-टेक, सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश

देहरादून। 9 अप्रैल 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि देवभूमि उत्तराखंड की जीवन रेखा चारधाम यात्रा को इस वर्ष हर दृष्टि से अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित, स्वच्छ और तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जाए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा प्रबंधन में विशेषकर हेली सेवाओं के संचालन में व्यावसायिक दृष्टिकोण की बजाय मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
मुख्यमंत्री गुरुवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार, विश्वकर्मा भवन में चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष शुरू की गई ‘ग्रीन एवं क्लीन चारधाम यात्रा’ मुहिम को इस बार और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। इसके तहत यात्रा मार्गों को प्लास्टिक मुक्त बनाने, पर्याप्त कलेक्शन बॉक्स लगाने और प्लास्टिक उपयोग पर सख्त नियंत्रण करने को कहा गया। साथ ही चेतावनी दी कि यात्रा से जुड़ी अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हेली सेवाओं के संचालन को लेकर मुख्यमंत्री ने SOP का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने, हेलीकॉप्टरों की नियमित मेंटेनेंस और फिटनेस जांच तथा ओवरलोडिंग से बचने के निर्देश दिए। मौसम आधारित रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत करने, प्रमुख स्थानों पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट विकसित करने और यात्रा मार्गों पर स्वच्छता व साइनेज व्यवस्था बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए यात्रा मार्गों पर पर्याप्त मेडिकल यूनिट्स और अस्थायी अस्पताल स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गैस, पेट्रोल-डीजल व अन्य आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जिला पूर्ति अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने को कहा।
उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शौचालय, विश्राम स्थल, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रणाली, स्लॉट मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरे यात्रा मार्ग पर CCTV कैमरों और AI आधारित निगरानी प्रणाली को सक्रिय रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, वर्चुअल माध्यम से कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित जिलों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।