चारधाम यात्रा 2026 का शुभारम्भ, CM धामी ने बसों को दिखाई हरी झंडी

Lok Kesari News
ऋषिकेश।18 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऋषिकेश में संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित चारधाम यात्रा-2026 के शुभारम्भ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने चारधाम जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा आस्था, साधना और आत्मिक ऊर्जा का प्रतीक है। यह यात्रा न केवल आध्यात्मिक शांति प्रदान करती है, बल्कि कठिनाइयों से जूझने की शक्ति भी देती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि यात्रा को सुगम, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य बनाया जाए, ताकि हर श्रद्धालु देवभूमि से सुखद अनुभव लेकर लौटे।
मुख्यमंत्री ने यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए “ग्रीन चारधाम यात्रा” और प्लास्टिक मुक्त धामों के लक्ष्य पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जैसे हम अपने घर के मंदिर को स्वच्छ रखते हैं, वैसे ही देवभूमि की पवित्रता बनाए रखना भी सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यात्रा को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर और धामों में पुनर्निर्माण कार्य शामिल हैं। साथ ही केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब में सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा रहा है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्रियों ने भी स्वास्थ्य, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने की बात कही।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा,पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रेमचंद्र अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, अध्यक्ष हेमकुंड गुरुद्वारा ट्रस्ट नरेंद्रजीत बिंद्रा, भास्करानंद भारद्वाज, जितेंद्र नेगी, अजय सिंह, मनोज ध्यानी, संजय शास्त्री, कुसुम कंडवाल, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष, मनोज ध्यानी, भोपाल सिंह नेगी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।
i

