NewsPostउत्तराखंडटॉप स्टोरीजताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

टिहरी में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का शुभारंभ


टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट, टिहरी गढ़वाल में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए पुलिस बल के खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत करते हुए कहा कि यह राज्य के लिए गर्व का विषय है कि पहली बार उत्तराखंड को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है।
मु

ख्यमंत्री ने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं, साथ ही राज्य को साहसिक खेलों और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री धामी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और जनविश्वास को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स जैसे खेल आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, नदी बचाव और तटीय सुरक्षा जैसे कार्यों में भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं और कई बार आपात स्थितियों में जीवन रक्षक साबित होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत किया है। राज्य सरकार भी खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर अपनी क्षमता साबित की है और राज्य अब देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी तेजी से उभर रहा है।

कार्यक्रम में विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष टिहरी इशिता सजवान, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, एडीजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, आईजी नॉर्दन फ्रंटियर आईटीबीपी मनु महाराज, आईजी सीआरपीएफ दिनेश उनियाल, आईजी आईटीबीपी एकेडमी गिरीश चंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी नीतिका खण्डेलवाल और एसएसपी श्वेता चौबे सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।