देवीधुरा में गूंजा बग्वाल का उल्लास, फूलों-फलों से खेली गई पर्यावरण हितैषी बग्वाल

चम्पावत।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देवीधुरा स्थित प्रसिद्ध माँ वाराही धाम में आयोजित ऐतिहासिक बग्वाल मेले का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने माँ वाराही देवी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर मातृशक्ति एवं बालिकाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षासूत्र बांधकर अपना स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया। देवीधुरा में बग्वाल की ऐतिहासिक परंपरा के साथ श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
पत्थरों की जगह फूलों-फलों से खेली बग्वाल
इस वर्ष बग्वाल की परंपरा को प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए स्थानीय लोगों ने पाषाणों के स्थान पर फूलों एवं फलों से बग्वाल खेली। पर्यावरण हितैषी इस पहल ने सदियों पुरानी परंपरा को नया संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने इसे उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पहचान उसकी सनातन संस्कृति, आस्था और पौराणिक परंपराओं से है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि मानसखंड मंदिरमाला मिशन के अंतर्गत माँ वाराही धाम का मास्टर प्लान के अनुरूप भव्य एवं सुनियोजित विकास किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

