देहरादून–पिथौरागढ़ हवाई सेवा शुरू, अब एक घंटे में तय होगा सफर

देहरादून/ 26 मार्च 2026
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून–पिथौरागढ़–देहरादून 42 सीटर विमान सेवा का शुभारंभ किया। रामनवमी के अवसर पर शुरू हुई इस सेवा से अब दोनों शहरों के बीच का सफर करीब एक घंटे में पूरा हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेवा सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के लिए महत्वपूर्ण है और इससे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को ढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई उड़ान योजना के तहत दूरस्थ और छोटे शहरों को हवाई नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है, जिससे आम लोगों को सस्ती हवाई यात्रा की सुविधा मिल रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में उड़ान योजना के तहत 26 हवाई मार्गों पर सेवाएं संचालित हो रही हैं। साथ ही सरकार पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास पर भी कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में हेलिपोर्ट की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है। विमानन क्षेत्र में बेहतर कार्यों के लिए उत्तराखंड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुका है।
इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू नवीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

