नई फिल्म नीति से उत्तराखण्ड बन रहा फिल्म निर्माण का प्रमुख केंद्र

Lok Kesari News
देहरादून। 25 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में उत्तराखण्ड फिल्म टेलीविजन एंड रेडियो एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में प्रभावी एवं दूरदर्शी फिल्म नीति लागू किए जाने पर मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र सौंपते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार की नई फिल्म नीति के चलते उत्तराखण्ड तेजी से फिल्म निर्माण के क्षेत्र में एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभर रहा है। उन्होंने बताया कि इस नीति से प्रदेश के स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों एवं युवाओं को नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं, जिससे रोजगार के नए द्वार खुल रहे हैं।
गौरतलब है कि उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल नीतियों के कारण देश-विदेश के फिल्म निर्माता यहां शूटिंग के लिए आकर्षित हो रहे हैं। इससे न केवल फिल्म उद्योग को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी मजबूती मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि प्रदेश में रचनात्मक गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा मिल सके।

