ऋषिकेश में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, 170 प्रगणक तैनात

Lok Kesari News
ऋषिकेश। 25अप्रैल, शनिवार/2026
भारत की 16वीं जनगणना 2027 को लेकर नगर निगम ऋषिकेश ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम क्षेत्र में कुल 170 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) बनाए गए हैं, जिनके लिए समान संख्या में प्रगणकों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा 29 सुपरवाइजर भी तैनात किए गए हैं, जो पूरे कार्य की निगरानी करेंगे।
नगर निगम प्रशासन द्वारा सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को नियुक्ति आदेश के साथ जनगणना किट भी उपलब्ध करा दी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 अप्रैल 2026 से प्रगणकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नजरी नक्शा (मैपिंग) का कार्य शुरू कर दिया है।
नगर निगम ऋषिकेश ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग करें और प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और किसी भी स्थिति में किसी तृतीय पक्ष के साथ साझा नहीं की जाएंगी।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि जनगणना से संबंधित सभी दस्तावेज अत्यंत गोपनीय होते हैं और इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने में जनसहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जनगणना के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग देकर इसे सफल बनाएं।
