पीपलकोटी टनल हादसा: राहत एवं बचाव कार्यों का मुख्यमंत्री ने लिया जायजा

शेष श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पीपलकोटी, चमोली में आपदा प्रभावित टनल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की प्रगति, अब तक की कार्रवाई तथा सामने आ रही चुनौतियों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टनल में फंसे शेष श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान में किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे। उन्होंने उपलब्ध सभी संसाधनों का पूरी क्षमता के साथ उपयोग करने तथा रेस्क्यू ऑपरेशन को पूरी तत्परता के साथ जारी रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में जुटी टीमों के प्रयासों की जानकारी लेते हुए अभियान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
बताया गया कि टनल में फंसे कई श्रमिकों को बुधवार को ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। वहीं, शेष श्रमिकों को बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव दल लगातार युद्धस्तर पर अभियान चला रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती घायल श्रमिकों के उपचार की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उपचार, दवाइयों और अन्य आवश्यकताओं के लिए हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने को कहा।
इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के प्रति मुख्यमंत्री ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

