प्रधानमंत्री के उत्तराखण्ड आगमन की तैयारियों को लेकर सीएम धामी ने की उच्चस्तरीय बैठक

देहरादून। 7 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखण्ड दौरे एवं दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे) के शुभारम्भ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। उन्होंने इस अवसर को राज्य के लिए ऐतिहासिक बताते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन जन-उत्सव का रूप ले, इसके लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम की रूपरेखा आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने पर जोर देते हुए गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोक नृत्यों को भव्य रूप से प्रस्तुत करने की बात कही।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक और आधुनिक साज-सज्जा के समन्वय से सजाने तथा स्थानीय कलाकारों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल सरकारी कार्यक्रम न होकर राज्य की संस्कृति, परंपरा और गौरव का प्रतीक बनना चाहिए।
सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक अवसर पर बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और प्रधानमंत्री के रोड शो में राष्ट्रीय ध्वज के साथ शामिल होकर पूरे राज्य में उत्सव का माहौल बनाएं। उन्होंने कार्यक्रम से पूर्व राज्यभर में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना राज्य के विकास को नई दिशा देगी। इससे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में कमी आएगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे, जिनमें सचिव शैलेश बगौली, कमिश्नर विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल थे।

