Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंरुड़कीहरिद्वार

हरिद्वार से बड़ी खबर: सीवर लाइन कार्य में लापरवाही, सड़क पर बना खतरनाक गड्ढा


हरिद्वार। 7 अप्रैल 2026

शहर में चल रहे डीप सीवर लाइन प्रोजेक्ट में एक बार फिर बड़ी लापरवाही सामने आई है। मनसा देवी रोपवे के पास मुख्य सड़क पर अचानक गहरा गड्ढा बनने से स्थानीय लोगों और यात्रियों में भारी रोष है।
बताया जा रहा है कि अंग्रेजों के समय का पुराना “डाट वाला नाला”, जो भूरे की खोल से मनसा देवी रोपवे के नीचे होते हुए प्रवेश द्वार तक जाता था, उसे सीवर लाइन डालने के दौरान तोड़ दिया गया। आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने नाले का पुनर्निर्माण किए बिना ही उसे मिट्टी से भर दिया, जिसके चलते सड़क धंस गई और कुएं जैसा गहरा गड्ढा बन गया।
मंगलवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले जिला महामंत्री संजय त्रिवाल के नेतृत्व में मौके पर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्य कर रही संस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
संजय त्रिवाल ने कहा कि चारधाम यात्रा शुरू होने में अब केवल एक सप्ताह बचा है, लेकिन निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से और मानकों के विपरीत किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी अपनी लापरवाही छिपाने के लिए गड्ढे को बिना मरम्मत के ही भर रही है, जो कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
वहीं वरिष्ठ व्यापारी नेता तेज प्रकाश साहू ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जिम्मेदार अधिकारी एसी कमरों में बैठकर केवल आर्थिक लाभ में लगे हैं और बिना तकनीकी निगरानी के काम कराया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान गुजरात से आए यात्री जितेंद्र कामेश्वर भाई ने भी सड़कों की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाए और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली की आलोचना की।
इस दौरान कल्लू पहलवान, गोपी जाटव, गगन गुगनानी, सुमित कुमार, सुरेश शाह, विशु शर्मा, विकास कुमार और रिंकू सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर सड़क की मरम्मत और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।