Newsउत्तराखंडक्राइम न्यूज़ताजा खबरताज़ा ख़बरें

फायरिंग कांड का 8 घंटे में खुलासा, 2 नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार

Lok kesari News


हरिद्वार। 23 अप्रैल 2026

जनपद में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने बीएचईएल फाउंड्री गेट के पास हुई फायरिंग की घटना का महज 8 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो नाबालिगों सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
घटना 21 अप्रैल की देर रात कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में हुई। आर्यनगर, ज्वालापुर निवासी हन्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्त वंशु के साथ स्कूटी से जा रहा था। बीएचईएल फाउंड्री गेट के पास पहले से घात लगाए बैठे 8-10 युवकों ने उन्हें रोककर गाली-गलौच और मारपीट की, इसके बाद तमंचों से फायरिंग कर दी। फायरिंग में वंशु के दाहिने हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित की। त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 अप्रैल की रात धीरवाली मार्ग स्थित भागोवाली मैदान से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 तमंचे (315 बोर), 2 जिंदा कारतूस और 3 चाकू बरामद किए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इंस्टाग्राम पर ‘बाज गैंग’ नाम से सक्रिय थे और क्षेत्र में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहे थे।
जांच में यह भी सामने आया कि घायल युवक पूर्व में आरोपियों के खिलाफ मामलों में गवाह रह चुका है। इसी रंजिश के चलते घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने फरहान (18), अनमोल उर्फ धीरेन्द्र बक्शी (24), सागर उर्फ पहाड़ी (22) सहित दो विधि विवादित किशोरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।