बरसात से पहले बाढ़ सुरक्षा पर मंथन, विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने दिए सख्त निर्देश

Lok Kesari News
ऋषिकेश, 16 अप्रैल 2026
बरसात के मौसम को देखते हुए बाढ़ सुरक्षा एवं नियंत्रण की तैयारियों को लेकर ऋषिकेश में अहम बैठक आयोजित की गई। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय में सिंचाई विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून नजदीक है, ऐसे में बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर तत्काल पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं की औपचारिक स्वीकृति की प्रतीक्षा किए बिना चैनलाइजेशन समेत आवश्यक अस्थायी व्यवस्थाएं भी शुरू की जाएं, ताकि संभावित खतरे को समय रहते कम किया जा सके।
डॉ. अग्रवाल ने यह भी कहा कि स्थानीय लोगों में बाढ़ को लेकर जो भय और आशंका है, उसे संवाद और भरोसे के जरिए दूर किया जाए। जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी से भी वार्ता कर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक के दौरान सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय राज ने जानकारी दी कि रायवाला क्षेत्र के अडवाणी प्लाट में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 231 करोड़ रुपये की लागत से कार्य प्रगति पर है, जिसे शीघ्र पूरा किया जाएगा।
इस मौके पर सहायक अभियंता सुरेंद्र श्रीकोटी, प्रतीतनगर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान, रायवाला प्रधान सागर गिरी, गौहरी माफी के प्रतिनिधि देवेंद्र सेमवाल, जोगीवाला माफी प्रधान शैलेंद्र रांगड़, साहब नगर के प्रतिनिधि अंबर गुरुंग, पूर्व उप प्रधान सुंदर सिंह रावत सहित कई पंचायत सदस्य व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

