News

भाषा और साहित्य के संवर्धन पर जोर, कवि-साहित्यकार हुए सम्मानित

आईआरडीटी के सभागार में उत्तराखंड भाषा संस्थान, देहरादून के तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय साहित्य परिचर्चा कार्यक्रम के द्वितीय दिवस में प्रदेश के स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल तथा कैबिनेट मंत्री खजान दास ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कला एवं साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कवियों और साहित्यकारों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि भाषा, साहित्य और संस्कृति समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जो पीढ़ियों को संस्कार और दिशा प्रदान करती हैं। साहित्यकारों ने हमेशा अपनी लेखनी के माध्यम से समाज को जागरूक करने और सकारात्मक मार्गदर्शन देने का कार्य किया है। साथ ही उन्होंने देश की दिशा और दशा निर्धारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस दौरान अतिथियों ने भाषा और साहित्य के संरक्षण व संवर्धन के लिए ऐसे आयोजनों को आवश्यक बताते हुए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम की सफलता पर आयोजकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी भाषा और साहित्य के प्रसार के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया गया।