News

भिक्षावृत्ति से शिक्षा की ओर: देहरादून में आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर शुरू

Lok Kesari News:

देहरादून, 24 मार्च। 24 मार्च 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देहरादून में जिला प्रशासन द्वारा स्थापित आधुनिक इंटेंसिव केयर सेंटर का लोकार्पण कर इसे जनमानस को समर्पित किया। राजा रोड स्थित साधुराम इंटर कॉलेज परिसर में करीब 1.57 करोड़ रुपये की लागत से बने इस केंद्र का उद्देश्य भिक्षावृत्ति और बालश्रम में लिप्त बच्चों का पुनर्वास कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।

जिला प्रशासन के अनुसार यह राज्य का पहला ऐसा केंद्र है, जहां रेस्क्यू किए गए बच्चों को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा, परामर्श और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से नया जीवन देने का प्रयास किया जा रहा है। केंद्र में बच्चों के मानसिक और व्यवहारिक विकास के लिए योग, संगीत, खेलकूद तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक वर्ष में इस पहल के तहत 325 से अधिक बच्चों को भिक्षावृत्ति और बालश्रम से रेस्क्यू किया गया है। इनमें से 200 से अधिक बच्चों का स्कूलों में दाखिला कर उन्हें शिक्षा से जोड़ा गया है।


भिक्षावृत्ति और बालश्रम पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने होमगार्ड, चाइल्ड हेल्पलाइन, शिक्षा विभाग, श्रम विभाग, पुलिस और विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं को शामिल करते हुए एक संयुक्त टीम बनाई है, जो शहर में लगातार अभियान चला रही है।
इसके अलावा बच्चों की पहचान और त्वरित रेस्क्यू के लिए तीन विशेष रेस्क्यू वाहनों को तैनात किया गया है। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर 16 होमगार्ड कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर बच्चों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर लाया जा सके।
जिला प्रशासन का मानना है कि यह पहल न केवल भिक्षावृत्ति और बालश्रम उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि जरूरतमंद बच्चों को बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़ाने में भी सहायक साबित हो रही है।