पेड़ से गिरकर घायल महिला को हेली सेवा से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया

पौड़ी गढ़वाल। 4 अप्रैल 2026
अप्पली तहसील अंतर्गत मलेठी गांव में चारापत्ती काटने के दौरान पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई एक महिला को त्वरित कार्रवाई करते हुए हेली सेवा के माध्यम से एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि मलेठी गांव निवासी शर्मिला देवी (40 वर्ष) पेड़ पर चढ़कर चारापत्ती काट रही थीं। इसी दौरान वह अचानक करीब 10 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गईं, जिससे उनकी कमर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल हंस फाउंडेशन अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने का निर्णय लिया।
डॉ. शुक्ला ने बताया कि मरीज की हालत को देखते हुए तुरंत हेली सेवा के लिए संपर्क किया गया। आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला के समन्वय और सक्रिय प्रयासों से हेली सेवा शीघ्र उपलब्ध कराई गई। शासन के निर्देश पर हेलीकॉप्टर समय पर हंस फाउंडेशन अस्पताल पहुंचा और घायल महिला को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
समय पर मिली इस आपातकालीन सहायता से महिला को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में सफलता मिली है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन और चिकित्सा विभाग की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

