सीएसआर पहल से शिक्षा को तकनीकी बढ़ावा, 1000 लैपटॉप मिलेंगे छात्रों को

Lok Kesari News
देहरादून, 15 अप्रैल 2026
प्रदेश में स्कूली शिक्षा को आधुनिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विद्यालयी शिक्षा विभाग और ConveGenius Foundation के बीच हुए समझौते के तहत राज्यभर में 50 ‘स्विफ्ट स्कूल’ स्थापित किए जाएंगे। इस पहल के अंतर्गत सीएसआर फंड से छात्र-छात्राओं को 1000 लैपटॉप भी वितरित किए जाएंगे।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को डिजिटल और तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। ‘स्विफ्ट स्कूल’ मॉडल के तहत छात्रों को उनके सीखने के स्तर के अनुसार व्यक्तिगत शिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, वहीं शिक्षकों को डेटा आधारित सहायता दी जाएगी जिससे कक्षा शिक्षण और अधिक प्रभावी हो सके।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना में Amazon Web Services का भी सहयोग लिया जा रहा है, जिसके माध्यम से छात्रों को लैपटॉप वितरित किए जाएंगे। इससे डिजिटल शिक्षा को मजबूती मिलेगी और छात्रों को आधुनिक संसाधनों तक पहुंच आसान होगी।
स्विफ्ट स्कूलों के लिए प्रदेशभर में 50 विद्यालयों का चयन किया जा चुका है। इनमें पौड़ी और चम्पावत जनपद के 19-19 विद्यालय, जबकि देहरादून और हरिद्वार के 6-6 विद्यालय शामिल हैं। विभागीय अधिकारियों को इन स्कूलों के शीघ्र संचालन के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस पहल से न केवल छात्रों की सीखने की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि तकनीकी माध्यम से उनकी कमजोरियों की पहचान कर समय पर शैक्षणिक सहायता भी प्रदान की जा सकेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह योजना प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।

