Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादूनप्रमुख कार्यक्रमरुड़कीहरिद्वार

हरिद्वार में बैसाखी महोत्सव पर गूंजा ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश, सीएम धामी ने बढ़ाया उत्साह


हरिद्वार।13 अप्रैल 2026

ऋषिकुल मैदान में आयोजित “मानव सेवा एवं उत्थान समिति” के सद्भावना सम्मेलन एवं बैसाखी महोत्सव 2026 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर उन्होंने भारत की सनातन संस्कृति को ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के मूल सिद्धांत पर आधारित बताते हुए पूरे विश्व को एक परिवार मानने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए संतों, अतिथियों, माताओं, बहनों और युवाओं का स्वागत करते हुए बैसाखी पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और आपसी सद्भाव को मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने सतपाल महाराज के मार्गदर्शन में समिति द्वारा किए जा रहे सेवा, समरसता और नैतिक जागरण के कार्यों की सराहना करते हुए इन्हें समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब विश्व विभिन्न चुनौतियों और तनावों से गुजर रहा है, तब प्रेम, भाईचारे और मानवता का संदेश पहले से अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत द्वारा ‘एक पृथ्वी-एक परिवार-एक भविष्य’ के मंत्र को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने का उल्लेख करते हुए कोरोना काल में वैक्सीन उपलब्ध कराने, योग और आयुर्वेद को वैश्विक पहचान दिलाने जैसे प्रयासों को देश की मानवीय प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द को राष्ट्र की प्रगति का आधार बताते हुए प्रदेश में समान नागरिक संहिता को लागू करने को सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सहेजने के लिए प्रतिबद्ध है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में पुनर्निर्माण, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर एवं शारदा कॉरिडोर जैसे विकास कार्यों से प्रदेश की धार्मिक पहचान को और मजबूती मिल रही है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह सद्भावना सम्मेलन समाज में एकता, सेवा और सद्भाव की भावना को और सशक्त करेगा। साथ ही उन्होंने आयोजन के लिए समिति और आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।