पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर गर्जी “आप”

ऋषिकेश दिनांक 6 जनवरी 2021।
पेट्रोल -डीजल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के विरुद्ध आम आदमी पार्टी ने हल्ला बोला है।
आम आदमी पार्टी के सेक्टर प्रभारी डॉ हरवेंद्र त्यागी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों पर अंकुश नहीं लगा पाने के कारण आमजन परेशान है। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार सिर्फ लोगों को झूठ बोलने के अलावा और कोई काम नहीं कर रही है। पूंजीपतियों की कठपुतली बनकर कार्य कर केंद्र सरकार की तमाम नीतियां बुरी तरह से फ्लॉप रही है जिसका खामियाजा देश की आवाम को भुगतना पड़ रहा है।

महंगाई और बढ़ते पेट्रोल डीजल के दाम पर सरकार का कोई अंकुश नहीं होने के कारण आम नागरिक इस परेशानी से त्रस्त है। उन्होंने कहा केंद्र में भाजपा सरकार ने अपनी तानाशाही के कारण ही पेट्रोल डीजल की कीमतों में अधिक वृद्धि कर आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है। अब भाजपा के नेता व जन प्रतिनिधि कहां है? त्यागी के अनुसार केंद्र और प्रदेश की सरकार किसानों और आमजन की विरोधी है। डीजल के बढ़े दामों से जहां किसानों की परेशानियां बढ़ रही है,वहीं पेट्रोल के आसमान छूते दाम आमजन का सुकून छीन रहे हैं।आप नेता डॉ राजे सिंह नेगी ने कहा कि, भाजपा पूंजीपतियों की सरकार है। गरीबों और किसानों का शोषण कर रही है। डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ने का सीधा असर आमजन और किसानों पर पड़ रहा है। खेती को लाभ का धंधा बनाना तो दूर उल्टे घाटे का धंधा बना डाला है। उन्होंने पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताते हुए कहा कि सरकार जनता का दर्द बढ़ा रही है। भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार जनता का शोषण करने में जुटी हुई हैं। कोराना महामारी के कारण देश की जनता भीषण आर्थिक संकट से गुजर रही है। उनके पास आमदनी का कोई जरिया नहीं है। ऐसे में पेट्रोल डीजल की लगातार बढ़ती कीमतें जनता की कमर तोड़ने का काम कर रही हैं। ऐसी स्थिति ने आवश्यक रोजमर्रा की सामग्री की कीमतें भी आसमान छूती जा रही है।
