NewsPostउत्तराखंडटॉप स्टोरीजताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

☘️चारधाम यात्रा 2026 को प्लास्टिक मुक्त बनाने की तैयारी तेज, ड्रोन से होगी निगरानी🌱

Lok Kesari News

देहरादून। 18 अप्रैल 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा 2026 को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को साफ कहा कि यात्रा मार्ग पर प्लास्टिक और कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर जगह-जगह वाटर एटीएम और आरओ प्लांट लगाए जाएं, ताकि प्लास्टिक बोतलों का उपयोग कम हो सके। साथ ही “मनी बैक योजना” लागू कर प्लास्टिक वेस्ट वापस लेने की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
यात्रा मार्ग पर कूड़ा और प्लास्टिक वेस्ट की निगरानी अब ड्रोन के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए एक आधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी स्थापित किया जाएगा, जो पूरे सिस्टम की निगरानी करेगा।
सफाई व्यवस्था को लेकर भी सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रा रूट के 30 नगर निकायों को मजबूत किया गया है और बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्रों की तैनाती की गई है। कचरा प्रबंधन के लिए एमआरएफ सेंटर, कम्पोस्ट पिट, प्लास्टिक कम्पैक्टर मशीनें और कचरा वाहन तैनात किए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक शौचालयों का विस्तार किया गया है, साथ ही 74 मोबाइल शौचालय भी संचालित किए जाएंगे। पार्किंग व्यवस्था को भी दुरुस्त किया गया है और हजारों वाहनों के लिए स्थान चिन्हित किए गए हैं। ठहरने के लिए होटल, धर्मशालाओं और आश्रमों में हजारों कमरों और बिस्तरों की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केदारनाथ धाम में जल्द ही श्रद्धालुओं को 24 घंटे गर्म पानी उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था पिरूल और खच्चरों की लीद से बने बायोमास पैलेट्स से संचालित गीजरों के जरिए होगी, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नया प्रयोग है।
सरकार का फोकस इस बार चारधाम यात्रा को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर है, जिसके लिए जनभागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है।