NewsPostउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादूननारी शक्ति

स्वयं सहायता समूहों को सरकार का पूरा सहयोग: डॉ. अग्रवाल🌴

🟢 महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों ने बटोरी सराहना, ट्रांजिट कैंप में दिखी आत्मनिर्भरता की झलक

Lok Kesari News

ऋषिकेश/ 18 अप्रैल 2026

चारधाम यात्रा के मद्देनज़र ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में महिला सशक्तिकरण की मजबूत तस्वीर देखने को मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित आगमन के अवसर पर लगाए गए महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टालों का निरीक्षण ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने महिला समूहों द्वारा तैयार किए गए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प सामग्री और स्वरोजगार से जुड़े प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहे हैं, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने महिला समूहों की सदस्यों से संवाद कर उनके अनुभव सुने और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि महिला शक्ति वंदन अधिनियम बिल के निरस्त होने पर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों द्वारा खुशी मनाना उनके महिला विरोधी रवैये को दर्शाता है, जिससे उनका चाल, चरित्र और चेहरा जनता के सामने उजागर हुआ है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।