News

पौड़ी के लक्ष्मण झूला थाने में एएसपी “मनीषा जोशी” ने ली जनप्रतिनिधियों की बैठक, आने वाले शिवरात्रि के मेले एवं अन्य पर्वों के लिए मांगे सुझाव

लक्ष्मण झूला दिनांक 10 फरवरी 2021_
महाकुंभ एवं आने वाले शिवरात्रि के मेले एवं अन्य पर्वों को लेकर एएसपी मनीषा जोशी ने लक्ष्मण झूला थाने में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक में पहुंची मनीषा जोशी का जनप्रतिनिधियों ने पुष्प माला पहनाकर उनका स्वागत किया। मौके पर शिवरात्रि में नीलकंठ मंदिर एवं वीरभद्र मंदिर में लगने वाले मेले को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सुझाव भी मांगे। जनप्रतिनिधियों ने भीड़ बढ़ने के दौरान राम झूला और जानकी सेतु को वन वे किया जाने की मांग के साथ ही जानकी सेतु के पास दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की मांग की। गंगा घाटों पर जल पुलिस के जवानों की तैनाती को लेकर भी जनप्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी जिससे स्नान को आये यात्रियों की जान माल की सुरक्षा की जा सके।


एएसपी मनीषा जोशी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझाव पर अमल करने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था के लिए भी नगर पंचायत से सहायता ली जाएगी साथ ही गंगा घाटों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात करने के लिए कुंभ मेले के तहत आई पुलिस के जवानों को लगाया जाएगा। एसपी ने सुरक्षा की दृष्टि से जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों से भी सहयोग मांगा है । एएसपी मनीषा जोशी ने बताया की पुलिस की तरफ से हर जगह पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाती है फिर भी व्यापारियों की दुकानों पर यदि सीसीटीवी कैमरे लगे हो तो इसका लाभ पुलिस को भी मिलेगा।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष माधव अग्रवाल व्यापारी नेता डॉ नारायण रावत, अश्वनी गुप्ता, मनीष राजपूत, जितेंद्र धाकड़, सरोज देवी, पिंकी शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, गजेंद्र नागर, विनीता नौटियाल, शाकुंभरी देवी, हिमानी राणा, मुरली शर्मा आदि उपस्थित रहे