प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे शंघाई सहयोग संगठन की शीर्ष बैठक को वर्चुअल माध्यम से संबोधित

नई दिल्ली / आज शुक्रवार को शंघाई सहयोग संगठन के राष्ट्राध्यक्षों के परिषद की कल ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में होने वाली 21वीं बैठक हाईब्रिड प्रारूप में होगी।
प्रधानमंत्री मोदी शिखर सम्मेलन के पूर्ण सत्र को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। भारतीय प्रतिनिधित्व मंडल का नेतृत्व विदेश मंत्री जयशंकर करेंगे।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि इस सम्मेलन में, पिछले दो दशकों की उपलब्धियों और भविष्य में सदस्य देशों के बीच सहयोग बढाने की संभावनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के सामयिक मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
इसी क्रम मे विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर ने कल ब्रहस्पतिवार को ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमोमाली रहमान से मुलाकात की। विदेशमंत्री शंधाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन के लिए दुशांबे में हैं।
बैठक के दौरान डॉ० जयशंकर ने राष्ट्रपति को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शुभकामनाएं दी। उन्होंने अफगानिस्तान में हाल के घटनाक्रम और क्षेत्रीय सुरक्षा पर उसके प्रभाव के बारे में चर्चा की। विदेशमंत्री ने टविटर पर कहा कि आतंकवाद और कट्टरपंथ से लडाई में भारत और ताजिकिस्तान मजबूत साझेदार हैं।
डॉक्टर जयशंकर ने ताजिकिस्तान के विदेशमंत्री सिरोजिद्दीन मुहरिद्दीन के साथ भी चर्चा की। दोनों नेता क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर पारम्परिक सहयोग मजबूत करने पर सहमत हुए।

