News

हरिद्वार में सख्त पुलिसिंग के संकेत, एसएसपी नवनीत सिंह ने दिए कड़े निर्देश


हरिद्वार। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब ढिलाई नहीं, बल्कि तेज कार्रवाई, मजबूत समन्वय और जवाबदेह पुलिसिंग ही प्राथमिकता होगी।

बैठक के दौरान एसएसपी ने सभी अधिकारियों से सीधा संवाद कर उनके सर्किल एवं थानों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि आपसी सूचना तंत्र को और अधिक सशक्त बनाया जाए तथा साइबर फ्रॉड की घटनाओं में तत्काल मुकदमा दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि वे जनता से मिलने का निश्चित समय निर्धारित करें, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। यदि थाना प्रभारी किसी कारणवश अनुपस्थित हों तो जिम्मेदार अधिकारी को स्पष्ट रूप से कार्यभार सौंपें और लौटने पर शिकायतों की व्यक्तिगत समीक्षा कर फीडबैक प्राप्त करें, जिससे पीड़ित को समयबद्ध न्याय मिल सके।

नशे के बढ़ते मामलों पर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि केवल नशे में पकड़े गए आरोपियों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि नशे की सप्लाई चेन के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जमीनी स्तर पर ठोस और निरंतर अभियान चलाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा प्रत्येक सर्किल में सुबह और शाम नियमित चेकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए गए, जिसकी समीक्षा नगर और देहात पुलिस अधीक्षक स्वयं करेंगे। किसी भी घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। एसएसपी के स्पष्ट और सख्त निर्देशों से यह संकेत मिल गया है कि अब जनपद में सक्रिय, पारदर्शी और परिणाममुखी पुलिसिंग पर विशेष फोकस रहेगा।