News

ऋषिकेश में समाज कल्याण शिविर, दिव्यांगों और बुजुर्गों को मिले सहायक उपकरण

ऋषिकेश, 18 फरवरी 2026।

नगर निगम परिसर स्थित आई.एस.बी.टी. में बुधवार को समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ शंभू पासवान, महापौर नगर निगम ऋषिकेश द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को दैनिक जीवन में सहूलियत प्रदान करने के लिए आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराना था। शिविर में पूर्व चयनित 12 दिव्यांगजनों तथा 60 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण वितरित किए गए।

वितरित सामग्री में बैटरी चालित ट्राई साइकिल, साधारण ट्राई साइकिल, फोल्डिंग व्हीलचेयर, वॉकिंग स्टिक, श्रवण यंत्र (कान की मशीन), चेयर विद कमोड, सिलिकॉन कुशन और कमर बेल्ट जैसे उपयोगी उपकरण शामिल रहे। उपकरण प्राप्त कर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम और समाज कल्याण विभाग का आभार जताया।

इस अवसर पर महापौर शंभू पासवान ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुविधा पहुंचाना ही सरकार और नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों और बुजुर्गों को आत्मनिर्भर बनाना सामाजिक दायित्व है, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें।

कार्यक्रम में सम्मानित पार्षद रामकुमार सांगर, दीपक बिष्ट, सरोजनी थपलियाल, मनीष जाटव सहित समाज कल्याण विभाग के अधिकारी शोभित दास, आकाश और विनोद तथा अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
शिविर का समापन लाभार्थियों को उपकरण वितरण एवं शुभकामनाओं के साथ किया गया।