News

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री से की शिष्टाचार भेंट, रामनवमी की दी शुभकामनाएँ

देहरादून/ 27 मार्च 2026

नई दिल्ली में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएँ भी दीं।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों से जुड़े विशेष उपहार भी भेंट किए। इनमें माँ सुरकंडा देवी की प्रतिकृति, बद्री गाय का शुद्ध घी, उत्तराखंड के पहाड़ी अंचलों में उत्पादित पाँच प्रकार के राजमा तथा शुद्ध पहाड़ी शहद शामिल रहे।

माँ सुरकंडा देवी की प्रतिकृति
माँ सुरकंडा देवी मंदिर उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में स्थित एक प्रसिद्ध शक्तिपीठ है। यह मंदिर समुद्र तल से लगभग 2750 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। पौराणिक मान्यता के अनुसार यहाँ माता सती का सिर (सुर) गिरा था, इसी कारण इस स्थान का नाम सुरकंडा देवी पड़ा। यह मंदिर नवरात्रि के दौरान विशेष आस्था का केंद्र बन जाता है।

बद्री गाय का घी
बद्री गाय उत्तराखंड की पारंपरिक हिमालयी नस्ल है, जिसे पहाड़ी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पाला जाता है। भारत सरकार ने इस नस्ल को आधिकारिक मान्यता भी दी है। बद्री गाय के दूध से बनने वाला घी औषधीय गुणों और A2 प्रकार की गुणवत्ता के कारण विशेष महत्व रखता है। आयुर्वेद में इसे स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताया गया है।
पहाड़ी क्षेत्रों के पाँच प्रकार के राजमा

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में उगाया जाने वाला राजमा स्वाद और गुणवत्ता के लिए पूरे देश में प्रसिद्ध है। यहाँ की ठंडी जलवायु और जैविक खेती के कारण इसका स्वाद अलग और अधिक पौष्टिक माना जाता है। प्रमुख रूप से यहाँ लाल, चितकबरा, काला, गढ़वाली तथा बद्रीनाथ क्षेत्र का राजमा विशेष रूप से लोकप्रिय हैं।

पहाड़ी शहद
पहाड़ी शहद उत्तराखंड के जंगलों और पर्वतीय क्षेत्रों में विभिन्न जंगली फूलों और औषधीय पौधों के रस से तैयार होता है। यह शहद प्राकृतिक, शुद्ध और औषधीय गुणों से भरपूर माना जाता है। आयुर्वेद में इसे प्रतिरक्षा बढ़ाने और ऊर्जा प्रदान करने के लिए उपयोगी बताया गया है।

✅ मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री को भेंट किए गए ये उपहार उत्तराखंड की आस्था, प्राकृतिक संपदा और पारंपरिक कृषि उत्पादों की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करते हैं।