News

सफाई कर्मियों की समस्याओं के समाधान के निर्देश


ऋषिकेश। 2 अप्रैल 2026

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के सभागार में गुरुवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने अधिकारियों को सफाई कर्मियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

मुनिकीरेती पहुंचने पर पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण और अधिशासी अधिकारी अंकित जोशी ने राज्य मंत्री का बुके और शॉल भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला, नगर पालिका नरेंद्रनगर और नगर पंचायत तपोवन के सफाई कर्मियों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में राज्य मंत्री ने सफाई कर्मियों के मानदेय, विनियमितिकरण, ईपीएफ, ईएसआईसी और लंबित भुगतान से जुड़े मामलों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही विशेष शिविर आयोजित किए जाएं।
उन्होंने मैनुअल स्कैवेंजर कर्मियों का सही तरीके से सर्वे कराने और मुनिकीरेती क्षेत्र में जरूरत के अनुसार सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य राकेश पारछा, विशाल बिरला, जयपाल वाल्मीकि, सभासद विनोद सकलानी, प्रद्युमन कृषाली, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, पुलिस उपनिरीक्षक योगेश चंद्र पांडे, अधिशासी अधिकारी आलम सिंह रावत सहित कई अधिकारी और कर्मचारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।