Newsउत्तराखंडटॉप स्टोरीजताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादूनराजनीती

मसूरी में भाजपा महिला मोर्चा का भव्य स्वागत, महिलाओं को संगठन से जुड़ने का आह्वान


मसूरी | 4 अप्रैल 2026

मसूरी के माल रोड स्थित एक होटल सभागार में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट और महामंत्री हिमानी वैष्णव के आगमन पर भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और दोनों नेताओं का जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि आज देश में महिलाओं की भूमिका तेजी से बदल रही है और महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीति, स्वरोजगार और सामाजिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अभूतपूर्व अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उज्ज्वला योजना, स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा, महिला उद्यमिता और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाएं न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
रुचि भट्ट ने महिला कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं और अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा केवल एक संगठन नहीं बल्कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण का मजबूत मंच है।
इस दौरान उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने मामले में सख्त कार्रवाई की है और पीड़िता को न्याय दिलाने का पूरा प्रयास किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए वह इस मामले को राजनीतिक रूप से भुनाने की कोशिश कर रहा है, जबकि जनता सब समझती है।