योग से निरोगी जीवन का संदेश: ऋषिकेश में 12वें योग महोत्सव में पहुंचे विधायक डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल

ऋषिकेश, 10 अप्रैल2026
नारायण स्वामी आश्रम, शीशम झाड़ी ऋषिकेश में आचार्य विपिन जोशी के नेतृत्व में आयोजित 12वें योग महोत्सव में बड़ी संख्या में योग साधकों, विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाता है। उन्होंने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने “करो योग, रहो निरोग” संदेश के साथ विधानसभा में पहल की थी कि 21 जून के बाद हर महीने की 21 तारीख को योग दिवस के रूप में मनाया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को विश्व स्तर पर पहचान मिली है और आज 177 देशों में योग का प्रचार-प्रसार हो रहा है। इसी का परिणाम है कि हर वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरी दुनिया में उत्साह के साथ मनाया जाता है।
कार्यक्रम के दौरान हल्द्वानी, रामनगर और देहरादून समेत विभिन्न शहरों से आए प्रतिभाशाली बच्चों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वर दास महाराज, स्वामीनारायण आश्रम के प्रबंधाध्यक्ष सुनील भगत महाराज, स्वामी जितानंद महाराज, आशीष कुकरेती, अनुष्का मिश्रा, रामकृष्ण पोखरियाल, डॉ. ज्योति चुफाल, तेजस्व मेहरा, दीक्षा मेहरा, अरनव पांडे और गीतानंद जी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

