Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा: गंगा में डूबा अल्मोड़ा का युवक, SDRF ने शव किया बरामद

Lok Kesari News

ऋषिकेश/ 15 अप्रैल2026

लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र के मस्तराम घाट के पास गंगा नदी में स्नान के दौरान एक युवक के डूबने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और कुछ घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद कर लिया।
एसडीआरएफ इंस्पेक्टर कविन्द्र सजवाण के अनुसार, बुधवार दोपहर लगभग 02:34 बजे थाना लक्ष्मण झूला से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति गंगा में नहाते समय डूब गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ढालवाला टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूबा डाइविंग के जरिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया। डीप डाइवर प्रदीप रावत ने करीब 20 फीट गहराई में जाकर सर्चिंग की, जहां से युवक का शव बरामद किया गया।
मृतक की पहचान सूरज सिंह (25 वर्ष) पुत्र माधव सिंह, निवासी पट्टी वौरमला, भौनखाल, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है। साथ आए दो साथियों ने बताया कि सूरज सिंह पास के एक होटल में शेफ के रूप में कार्यरत था और स्नान के दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से डूब गया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। एसडीआरएफ ने शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जहां आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।