कूड़ा उठान में ढिलाई पड़ी भारी, निगम ने ठोका 25 हजार का जुर्माना

Lok kesari News
हरिद्वार: 15 अप्रैल 2026
शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए कूड़ा उठान में लापरवाही बरतने वाली अनुबंधित एजेंसी के०एल० मदान पर ₹25 हजार का जुर्माना ठोक दिया है। निगम की टीम द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में कई वार्डों में समय पर कूड़ा न उठाए जाने की शिकायतें सही पाई गईं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
निगम अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित समय पर कूड़ा उठान न होने से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई है। एजेंसी को कड़ी चेतावनी देते हुए साफ कर दिया गया है कि भविष्य में दोबारा ऐसी लापरवाही सामने आई तो अनुबंध समाप्त करने में देर नहीं की जाएगी।
नगर निगम ने दो टूक कहा कि शहर की सफाई से कोई समझौता नहीं होगा। सभी एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, इस कार्रवाई के बाद अन्य सफाई एजेंसियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों ने निगम की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि अब शहर में सफाई व्यवस्था और बेहतर होगी।
