हरिद्वार में मखाना खेती की शुरुआत, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया रोपण

Lok Kesari News
हरिद्वार, 15 अप्रैल 2026
जनपद में कृषि के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए कृषि मंत्री गणेश जोशी ने लक्सर क्षेत्र के गंगदासपुर बालावाली में मखाना की खेती का औपचारिक शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मंत्री ने स्वयं खेत में उतरकर मखाना का रोपण किया और किसानों को इस नई फसल के प्रति जागरूक किया।
यह पायलट प्रोजेक्ट बिहार की एक संस्था द्वारा पहली बार उत्तराखण्ड में शुरू किया गया है, जिससे हरिद्वार के किसानों को वैकल्पिक और लाभकारी खेती की दिशा में नया अवसर मिलने की उम्मीद है। इस मौके पर कृषि मंत्री ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार मखाना उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्ष 2025 में राष्ट्रीय मखाना बोर्ड के गठन के साथ ही देश के 11 राज्यों में इस क्षेत्र को विकसित करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा 2025-26 से 2030-31 तक 476 करोड़ रुपये की योजना के तहत अनुसंधान, बीज उत्पादन, प्रशिक्षण, ब्रांडिंग और निर्यात को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कृषि मंत्री ने जानकारी दी कि इस योजना के तहत उत्तराखण्ड को 50 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। इसके माध्यम से कृषि विज्ञान केंद्रों के सहयोग से किसानों को प्रशिक्षण, सेमिनार और प्रदर्शन प्लॉट की सुविधा दी जा रही है।
उन्होंने आगे बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 के लिए 143.16 लाख रुपये की कार्ययोजना को मंजूरी दी है, जिससे मखाना उत्पादन को गति मिलेगी। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश को औद्यानिकी हब के रूप में विकसित करने के लिए सेब, मिलेट्स, कीवी और ड्रैगन फ्रूट जैसी फसलों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में उद्यान विभाग के अधिकारी, संस्था के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे। मंत्री ने विश्वास जताया कि मखाना खेती की शुरुआत से हरिद्वार सहित प्रदेश के किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

