1905 हेल्पलाइन बनी जनता की आवाज, सीएम धामी ने दिए कड़े निर्देश

Lok Kesari News
देहरादून। 15 अप्रैल 2026
प्रदेश में जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन-1905 पर 30 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना जिलाधिकारी, विभागाध्यक्ष या संबंधित सचिव की संस्तुति के किसी भी शिकायत को ‘फोर्स क्लोज’ न किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना पर्याप्त कार्रवाई के शिकायत बंद करने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन जनता की अपेक्षाओं का महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए हर शिकायत का निस्तारण शिकायतकर्ता की संतुष्टि तक किया जाना चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को नियमित समीक्षा कर लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि शिकायतों के प्रभावी निस्तारण के लिए एआई आधारित मॉनिटरिंग प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है, जिससे समस्याओं की पहचान और समाधान में तेजी आई है। ग्रीष्मकाल में पेयजल, बिजली, शहरी विकास और गृह विभाग से जुड़ी शिकायतें अधिक सामने आई हैं।
जनपदवार आंकड़ों में देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सबसे अधिक शिकायतें दर्ज हुई हैं, जबकि उत्तरकाशी और चम्पावत बेहतर प्रदर्शन वाले जिलों में शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने समीक्षा के दौरान बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना भी की और उन्हें अन्य अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। साथ ही कुछ शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।

