Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

चारधाम यात्रा से पहले एक्शन मोड में डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल, ट्रांजिट कैंप का निरीक्षण

चारधाम यात्रा की तैयारियों का जायजा, व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश

Lok Kesari News

ऋषिकेश/ 18 अप्रैल 2026

क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने आज बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप में आवंटित भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी उनके साथ मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने भवन में उपलब्ध सुविधाओं को बारीकी से परखा और अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम समय पर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की आस्था के साथ-साथ अर्थव्यवस्था से भी जुड़ी अहम कड़ी है, इसलिए श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने विशेष रूप से साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यात्रा सीजन में श्रद्धालुओं की संख्या काफी बढ़ जाती है, ऐसे में व्यवस्थाएं मजबूत और सुव्यवस्थित रहनी चाहिए।
इस मौके पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने भी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव साझा किए और भरोसा दिलाया कि समिति यात्रियों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास करेगी।