Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

तेज बारिश के अलर्ट पर गंगा किनारे बढ़ी सतर्कता, एसडीआरएफ मुस्तैद

ऋषिकेश/ 3 मई 2026

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के बाद क्षेत्र में लगातार वर्षा की संभावना को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। ऊपरी इलाकों में हो रही बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने की आशंका के बीच गंगा नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
ढालवाला, ऋषिकेश स्थित एसडीआरएफ उत्तराखंड की टीम ने संवेदनशील घाटों पर निगरानी तेज कर दी है। त्रिवेणी घाट, राम झूला, जानकी पुल और नीम बीच सहित प्रमुख स्थानों पर लगातार गश्त की जा रही है। टीम द्वारा नदी किनारे मौजूद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को लाउडहेलर के माध्यम से जागरूक करते हुए चेतावनी दी जा रही है कि मौसम की मौजूदा परिस्थितियों में जलस्तर बिना पूर्व सूचना के तेजी से बढ़ सकता है, जिससे जान-माल का खतरा उत्पन्न हो सकता है।
एसडीआरएफ के साथ जल पुलिस और आपदा राहत दल भी सक्रिय भूमिका में हैं। सभी टीमें घाटों और आसपास के क्षेत्रों में निरंतर निगरानी बनाए हुए हैं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक उपकरणों और संसाधनों के साथ तैयार हैं। स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, नदी किनारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और अनावश्यक रूप से घाटों के पास न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की भी सलाह दी गई है, ताकि समय रहते राहत और बचाव कार्य किया जा सके।