प्रदेश में 307 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, मुख्यमंत्री धामी ने बांटे नियुक्ति पत्र

Lok Kesari News
देहरादून।14 मई 2026
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में कुल 307 नव नियुक्त चिकित्साधिकारियों, फार्मासिस्टों तथा उद्यान विभाग के अंतर्गत प्रयोगशाला सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पारदर्शिता और सुशासन को प्राथमिकता देते हुए पिछले चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार प्रदान किया है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी,विधायक खजाना दास, विधायक उमेश शर्मा काउ, विधायक सविता हरबंस कपूर तथा देहरादून नगर निगम के महापौर सौरभ थपलियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सेवाओं से प्रदेश की स्वास्थ्य एवं जनकल्याण व्यवस्थाओं को और मजबूती मिलेगी।

