NewsPostआध्यात्मउत्तराखंडकाशीपुरटॉप स्टोरीजताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादूनप्रमुख कार्यक्रम

माँ वाराही धाम बनेगा धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र : मुख्यमंत्री धामी


देवीधुरा पहुंचकर मुख्यमंत्री ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण, पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना


चम्पावत। 16 May 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जनपद चम्पावत स्थित ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध माँ वाराही शक्तिपीठ धाम, देवीधुरा पहुंचकर मंदिर के नवनिर्माण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं मंदिर समिति से विकास कार्यों को तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि माँ वाराही धाम केवल श्रद्धा और आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि धाम का विकास उसकी पौराणिक गरिमा और मूल स्वरूप को अक्षुण्ण रखते हुए किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाओं के साथ आध्यात्मिक अनुभूति भी प्राप्त हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में माँ वाराही धाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने माँ वाराही मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
बताया गया कि लगभग 15 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से मंदिर के भव्य नवनिर्माण कार्य को चार खाम सात थोक एवं माँ वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट द्वारा आगामी दो से तीन वर्षों में पूर्ण किया जाएगा। मंदिर निर्माण में राजस्थान के विशेष नक्काशीदार पत्थरों का उपयोग किया जाएगा, जबकि मंदिर की स्थापत्य कला एवं शिल्प कार्य गुजरात के विशेषज्ञ कारीगरों की देखरेख में संपन्न होंगे।
निरीक्षण के दौरान जगदीश चंद्र गहतोड़ी ‘नवनीत’ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत संचालित निपुण भारत अभियान से संबंधित अपनी पुस्तक “निपुण का संगीत” मुख्यमंत्री को भेंट की।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, माँ वाराही मंदिर समिति के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, समिति अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।