विधायक निधि से बना वाल्मीकि नगर की टूटी सड़क का निर्माण, क्षेत्रवासियों में खुशी, ऋषिकेश

ऋषिकेश
लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहे वाल्मीकि नगर क्षेत्र के लोगों को आखिरकार राहत मिल गई है। वार्ड के वाल्मीकि नगर, लेन नंबर-10 में खराब एवं टूटी सड़क का निर्माण कार्य विधायक निधि से पूरा कर दिया गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों में खुशी का माहौल है।
एडवोकेट राकेश परचा ने सोशल मिडिया द्वारा जानकारी दी कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में समस्या और अधिक गंभीर हो जाती थी। कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के समक्ष यह मुद्दा उठाया गया था।
स्थानीय जनता ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के प्रयासों से विधायक निधि से सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ और अब इसका निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को बड़ी राहत मिली है।
वाल्मीकि नगर की सम्मानित जनता ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क निर्माण से न केवल आवागमन सुगम हुआ है, बल्कि क्षेत्र की सुंदरता और विकास को भी नई गति मिली है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े अन्य कार्यों को इसी तरह प्राथमिकता दी जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने पूर्व मंत्री एवं विधायक प्रेमचंद अग्रवाल के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनके जनहितैषी प्रयासों की सराहना की है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और लोग इसे विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं।

