Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

शहीद हमीर पोखरियाल का बलिदान सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत: अग्रवाल

आठवीं पुण्यतिथि पर गुमानीवाला में भावभीनी श्रद्धांजलि, स्मृति द्वार पर पुष्पचक्र अर्पित कर किया नमन
युवाओं से शहीदों के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान

ऋषिकेश, 7 अगस्त 2026 शुक्रवार

वीर अमर शहीद हमीर पोखरियाल की आठवीं पुण्यतिथि पर गुमानीवाला स्थित हमीर पोखरियाल स्मृति द्वार पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने पहुंचकर शहीद के चित्र पर पुष्पचक्र अर्पित किया और दीप प्रज्वलित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों का त्याग राष्ट्र की अमूल्य धरोहर है। शहीद हमीर पोखरियाल का बलिदान सदैव देशवासियों और विशेषकर युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि शहीदों के प्रति सम्मान और श्रद्धा का भाव रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। युवाओं को शहीदों के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में अपना योगदान देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शहीद हमीर पोखरियाल की स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से विधायक निधि से गुमानीवाला में शहीद हमीर पोखरियाल स्मृति द्वार का निर्माण कराया गया था। यह स्मृति द्वार आने वाली पीढ़ियों को उनके अदम्य साहस और देश के प्रति समर्पण की याद दिलाता रहेगा।
कार्यक्रम में शहीद के पिता जैयन्द्र पोखरियाल ने डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तरकाशी जिले के प्रभारी रहने के दौरान डॉ. अग्रवाल ने शहीद हमीर पोखरियाल के पैतृक गांव में उनके नाम से शहीद स्मारक का निर्माण कराया था। उन्होंने कहा कि शहीद की स्मृतियों को संजोने के लिए किए गए इन प्रयासों से परिवार और क्षेत्रवासियों में गौरव की भावना है।
इस दौरान शहीद हमीर पोखरियाल के भाई सुनील पोखरियाल, पूर्व महापौर अनीता ममगाई, सुधीर राय, मानवेंद्र कंडारी, पार्षद वीरेंद्र रमोला, मंडल अध्यक्ष चमन पोखरियाल, मंडल महामंत्री सतपाल राणा, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक मेहर, उपप्रधान नितिन रावत, पूर्व प्रधान सतीश रावत, पूर्व प्रधान दीपा राणा, विनोद पोखरियाल, रमेश भट्ट, केशव पोखरियाल, सुनील बिष्ट, संदीप कुड़ियाल, अरुण बिष्ट, धर्मेंद्र सिंह, संजीव व्यास, पूर्व सैनिक विनोद डबराल, सच्चिदानंद नौटियाल, नत्थीलाल सेमवाल, प्रमोद अशवाल, गोविंद मेहर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, पूर्व सैनिक एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।