Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

कॉमनवेल्थ में उत्तराखंड का परचम लहराने वाले खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

धामी बोले—खिलाड़ियों की उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा, सरकार प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग देगी

देहरादून। ग्लासगो, स्कॉटलैंड में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड और देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का नाम रोशन करना उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपने अथक परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और समर्पण के बल पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड की प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी सफलता केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के हजारों युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाली उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और सफलता यह संदेश देती है कि उचित अवसर, संसाधन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर उत्तराखंड के युवा किसी भी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, पदक विजेता पैरा एथलीट शुभम जुयाल, जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा तथा प्रशिक्षक राकेश सिंह रावत, सतीश चन्द्र शर्मा, पुनेश कुमार सिंह एवं खीमानन्द बेलवाल उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां प्रदेश के लिए गौरव का विषय हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।