उत्तराखंड के युवाओं के लिए खुलेंगे सफलता के नए द्वार‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ जल्द होगी शुरू,

विश्वविद्यालय-महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग
देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ अब धरातल पर उतरने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी योजना को पहले ही मंजूरी दे चुके हैं और इसका विधिवत शुभारंभ जल्द किया जाएगा। योजना के लागू होने के बाद राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध होगी।
राज्य सरकार का उद्देश्य आर्थिक संसाधनों के अभाव में महंगी कोचिंग से वंचित रहने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है। खासतौर पर पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के लिए यह योजना महत्वपूर्ण अवसर लेकर आएगी। विद्यार्थियों को घर बैठे विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलने से उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
यूपीएससी से लेकर बैंकिंग और रेलवे तक की तैयारी
योजना के तहत विद्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षाओं (यूपीएससी/पीएससी), रक्षा सेवाओं की सीडीएस परीक्षा, बैंकिंग, रेलवे, एसएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके अलावा प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश तथा पात्रता निर्धारण के लिए आयोजित होने वाली कैट, मैट, गेट, नेट और सीएसआईआर-नेट जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिलेगा सबसे बड़ा लाभ
सरकार की यह पहल उन विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित हो सकती है, जो राज्य के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। भौगोलिक दूरी और सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण अक्सर इन विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए देहरादून, दिल्ली या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने से उन्हें अपने घर और शिक्षण संस्थान से ही गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिलेगा।
गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन पर सरकार का जोर
राज्य सरकार ने युवाओं को केवल अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की रणनीतिक तैयारी, विषयवार मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल की है। योजना का उद्देश्य राज्य के युवाओं की प्रतिभा को सही मंच प्रदान करते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा योजना के शुभारंभ की तिथि जल्द निर्धारित की जाएगी। विधिवत शुभारंभ के साथ ही पात्र विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सरकार को उम्मीद है कि यह योजना उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए मजबूत आधार देने के साथ ही प्रदेश में प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

