Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

आपदा की घड़ी में प्रभावितों के साथ खड़ी है सरकार: मदन कौशिक

पीपलकोटी टनल हादसा: मदन कौशिक ने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की

देहरादून। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने शुक्रवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर चमोली जिले के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी टनल में हुई घटना के बाद संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने टनल में लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे सर्च एवं रेस्क्यू अभियान, घायलों के उपचार तथा घटनास्थल पर संचालित अन्य राहत कार्यों की जानकारी ली।
अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र तथा अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन एवं डीआईजी राजकुमार नेगी ने मंत्री को राहत एवं बचाव अभियान की प्रगति से अवगत कराया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टनल में लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए अभियान को पूरी तत्परता के साथ जारी रखा जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर कमी न रहने दी जाए।
मदन कौशिक ने मृतकों के शवों को पूरे सम्मान के साथ उनके गृह क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और राहत एवं बचाव कार्यों में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल पहुंचकर हादसे में घायल लोगों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी भी ली है।
समीक्षा के दौरान मंत्री ने आगामी दिनों के मौसम पूर्वानुमान की भी जानकारी ली। उन्होंने संभावित मौसम की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश की विभिन्न नदियों के जलस्तर की स्थिति की जानकारी लेते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मौसम, नदी जलस्तर और भूस्खलन की संभावनाओं को देखते हुए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता बरतें, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से समय रहते प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।