Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

यमकेश्वर के मंदिरों में चोरी का खुलासा, दानपात्र और नकदी के साथ आरोपी गिरफ्तार

यमकेश्वर, 18 अगस्त

यमकेश्वर क्षेत्र के दो मंदिरों में दानपात्र चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दानपात्र और 3009 रुपये की नकदी बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हितेंद्र सिंह निवासी यमकेश्वर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम बदयूंन स्थित चंडी माता मंदिर में 28 जुलाई तथा ग्राम निशनी स्थित श्री हनुमान मंदिर में तीन अगस्त को अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र चोरी कर लिया था। दोनों घटनाओं के संबंध में 17 अगस्त को देवेंद्र प्रसाद बडोनी निवासी बदयूंन और राजेश खत्री निवासी निशनी ने थाना यमकेश्वर में तहरीर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाने के साथ ही सर्विलांस का विश्लेषण किया और स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर हितेंद्र सिंह की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से दोनों मंदिरों से चोरी किए गए दानपात्र तथा कुल 3009 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे जिला कारागार पौड़ी भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना यमकेश्वर में पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दोनों मामलों में थाना यमकेश्वर में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस का कहना है कि मामले में बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।