दुखद:- लक्ष्मण झूला थाने में तैनात पुलिसकर्मी की सड़क हादसे में मौत

ऋषिकेश दिनांक 1 जनवरी 2021
पुलिस महकमे से बुरी खबर है। लक्ष्मण झूला थाने में तैनात कॉन्स्टेबल जितेंद्र पवार की नये साल के पहले दिन सड़क हादसे में मौत हो गई है। दरअसल जितेंद्र पवार पुलिस मुख्यालय से ऑफिशियल डाक देकर बाइक से लक्ष्मण झूला थाना वापस लौट रहे थे। रास्ते में सात मोड़ के पास अचानक गाय सामने आ गई। जिससे बाइक स्लिप होकर सड़क पर गिर पड़ी।

सूचना पर एंबुलेंस से जितेंद्र को घायल अवस्था में सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां जितेंद्र को हालत गंभीर होने की वजह से एम्स रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान जितेंद्र ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। पुलिसकर्मियों ने एम्स परिसर में सैन्य सम्मान के साथ जितेंद्र को अंतिम विदाई दी। बता दे कि 10 दिन पहले ही जितेंद्र के पिता की भी हृदय गति रुकने से मौत हो गई थी। जितेंद्र अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चे छोड़ गए हैं। 15 दिनों में 2 मौत होने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
