News

ऋषिकेश में अवैध जुआ पार्टी पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, 40 गिरफ्तार


ऋषिकेश।28 मार्च 2026

दून पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में चल रही जुआ पार्टी पर छापेमारी कर 40 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में जुआ सामग्री, नकदी और शराब बरामद की गई है। इस मामले में लापरवाही सामने आने पर आईडीपीएल चौकी के पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून को ऋषिकेश क्षेत्र में एक होटल में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में कोतवाली ऋषिकेश की पुलिस टीम ने हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग में देर रात छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान होटल के अंदर बड़ी संख्या में लोग जुआ खेलते हुए मिले। पुलिस ने मौके से 40 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 3356 कैसिनो क्वाइन (टिक्की), 26 ताश की गड्डियां, 1 लाख 37 हजार 600 रुपये नकद तथा विभिन्न ब्रांड की 9 शराब की बोतलें बरामद की हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 123/2026 धारा 3/4/5 जुआ अधिनियम तथा धारा 60/68 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही होटल नवरंग को भी सील कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से होटल का मालिक फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।


वहीं, मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर एसएसपी देहरादून ने कड़ा रुख अपनाया है। अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में शिथिलता बरतने के आरोप में आईडीपीएल चौकी प्रभारी समेत कुल 12 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।